चाय पीने में हुआ विवाद, एसयूवी सवारों ने तीन भाइयों को रौंदा

लखनऊ  (मानवीय सोच)  रविवार तड़के खदरा इलाके में चाय की दुकान पर दो गुटों में विवाद हो गया। हाथापाई के बाद करीब तीनों घर चले गये। जहां पहुंचे एसयूवी सवारों से एक घंटे तक पंचायत की लेकिन मामला सुलझा नहीं। इसी बीच  वापस घर जा रहे एसयूवी सवारों ने तीनों भाइयों को रौंद दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने दीपू गौतम (40) को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों का इलाज चल रहा है। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक अलीगंज निवासी दीपू गौतम अपने दो भाइयों मुकेश व राकेश के साथ जागरण देखने गये थे। सुबह करीब 4 बजे सभी वापस घर जा रहे थे। गल्ला मंडी इलाके में एक दुकान पर तीनों चाय पीने लगे। वहीं पर एक्सयूवी 500 सवार ऋषभ श्रीवास्तव, साहिल सोनकर व अनुज गुप्ता पहुंचे। वहां पर इन तीनों ने भी चाय पी। इसके बाद गाड़ी हटाने को लेकर विवाद होने लगा। मामला कहासुनी से मारपीट तक पहुंच गया। दीपू अपने भाइयों के साथ घर चला गया। एक्सयूवी500 सवार उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंचे। वहां करीब एक घंटे तक पंचायत चली। वापस जाते समय एक्सयूवी सवारों ने तीनों भाइयों को कुचल दिया। इसके बाद फरार हो गये। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले। आननफानन सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने दीपू को मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी उत्तरी कासिम आब्दी के मुताबिक परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में एक आरोपी ऋषभ श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य दोनों की तलाश की जा रही है। इसके लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। वारदात स्थल के पास से सीसीटीवी फुटेज भी मिले है जिसके आधार पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *