सामुदायिक केंद्र के बाथरूम की दीवारों पर देवी-देवताओं की तस्वीर वाली टाइल्स लगाने पर विवाद

महोबा  (मानवीय सोच) उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाथरूम में लगी टाइल्स को लेकर विवाद हो गया है। दरअसल बाथरूम की दीवारों पर लगी टाइल्स में देवी-देवताओं की फोटो लगी थी जिसको लेकर हिंदू संगठन भड़क गए। विवाद बढ़ता देख एक्शन में आयी पुलिस ने सीएचसी अधीक्षक के अलावा एक डॉक्टर और तीन अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

जानकारी के मुताबिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुछ दिन पहले बाथरूम की दीवारों पर टाइल्स लगवाई गई थी। इनमें देवी-देवताओं की कुछ टाइल्स ऐसे स्थान पर लगा दी गई जहां गंदगी की जा रही थी। इस बात की जानकारी मिलने पर हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता सीएचसी पहुंच गए और प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग करने लगे। संगठन पदाधिकारियों ने प्रभारी चिकित्साधिकारी पर देवी देवताओं के अपमान और लाखों भक्तों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। पुलिस ने बजरंग दल के जिला महामंत्री मयंक तिवारी की तहरीर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ गौरव सिंह, डॉ महेश सिंह और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

अधीक्षक और डॉक्टर को हटाया 

केस दर्ज होने के बाद आरोपी अधिकारी किसी भी तरह की बयानबाजी से बचते नजर आए। एसडीएम सदर जितेन्द्र कुमार और सीएमओ डॉ डीके गर्ग मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी अधीक्षक को बुलाया। कई बार बुलाने के बाद भी वह अधिकारियों के सामने उपस्थित नहीं हुए। सीएमओ का कहना है कि अधीक्षक को हटाकर उनके स्थान पर दूसरे अधिकारी को तैनात किया जा रहा है। इसके साथ ही आरोपी डॉक्टर को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से हटाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *