लखनऊ (मानवीय सोच) उनकी (गैर भाजपा) सरकारों में ईज ऑफ डूइंग क्राइम था और हमारी सरकारों में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस है। प्रदेश की कानून व्यवस्था या तो पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के शासन में सबसे बेहतर थी या तो अब योगी शासन में है। दोनों के शासनकाल की कानून व्यवस्था की चर्चा सिर्फ प्रदेश में ही नहीं दूसरे राज्यों में भी होती है।
यह बातें रविवार को देश के रक्षामंत्री व राजधानी के सांसद राजनाथ सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की प्रतिमा अनावरण के मौके पर लखनऊ नगर निगम के त्रिलोकनाथ सभागार में कही। इस मौके पर रक्षामंत्री ने स्वर्गीय कल्याण सिंह से अपने आत्मीय संबंधों की चर्चा कर बताया कि कल्याण सिंह से मेरे संबंध बड़े प्रगाढ़ थे। उन्होंने अपने संबोधन में भी स्वर्गीय कल्याण सिंह को बड़ा भाई ही कहा और उनका नाम नहीं लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की प्रतिमा नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित झंडी पार्क में बनी भूमिगत पार्किंग के सामने लगाई गई है। जिसका अनावरण रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया। प्रतिमा अनावरण के बाद उन्होंने नगर निगम मुख्यालय के प्रथम तल पर स्थित त्रिलोक नाथ सभागार में अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने आए लोगों को सम्बोधित किया। उनका पूरा संबोधन स्वर्गीय कल्याण सिंह से रिश्तों को लेकर ही रहा। उन्होंने यह भी बताया कि स्वर्गीय कल्याण सिंह पान-सुपारी के शौकीन थे और इसी कारण वह भी इसे खाना सीख गए।
राजनाथ सिंह ने देर रात तक उनके (स्वर्गीय कल्याण सिंह) साथ ताश खेलने का भी जिक्र किया। कहा कि अक्सर वह उनको अपने साथ राज्य में दौरों पर भी ले जाया करते थे। जब वह प्रदेश में शिक्षा मंत्री थे तो मत भिन्नता के कारण दो बार कैबिनेट में नकल कानून पास नहीं हुआ तो वह अकेले में स्वर्गीय कल्याण सिंह से मिले और कानून के बारे में बताया जिसके बाद कल्याण सिंह ने कहा कि अब जो पहली कैबिनेट बैठक होगी उसमें नकल कानून पास होगा और वैसा ही हुआ।
‘युवाओं का भविष्य सुधारने के लिए बड़ा कदम उठाया’
रक्षामंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के भविष्य को सुधारने की दिशा में यह उस समय का सबसे महत्वपूर्ण कदम था। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कल्याण सिंह का सड़क से लेकर शिखर तक का सफर सबके लिए प्रेरक है। प्रतिमा लगाने को लेकर उन्होंने महापौर संयुक्ता भाटिया और नगर निगम प्रशासन की तारीफ की और यह उम्मीद भी की कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की जयंती व पुण्य तिथि पर माल्यार्पण भी हर बार किया जाएगा।
इस मौके पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के द्वारा प्रदेश के विकास और राम मंदिर के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उनकी प्रतिमा स्थापना के लिए वह प्रतिबद्घ थीं और उसे उन्होंने पूरा किया। जिस तरह कठिन परिश्रम और बेहतर शासन से उन्होंने प्रदेश को आगे बढ़ाया अब उसकी सीख उनकी प्रतिमा को देख सब लेंगे। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने कार्यक्रम के अंत में रक्षामंत्री का आभार जताया।
राम मंदिर को लेकर उनका योगदान बताने की जरूरत नहीं
