अयोध्या : (मानवीय सोच) श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट राममंदिर निर्माण के लिए दो साल पहले चलाए गए निधि संग्रह अभियान का अध्ययन कराएगा। ट्रस्ट का दावा है कि किसी भी मठ-मंदिर के निर्माण के लिए आज तक इतना बड़ा अभियान नहीं चला है। इसलिए इस अभियान का अध्ययन होना चाहिए। 42 दिन तक चले अभियान में देशभर से मंदिर निर्माण के लिए भक्तों ने करीब 3500 करोड़ की निधि समर्पित की थी।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मकर संक्रांति पर 15 जनवरी से रविदास जयंती 27 फरवरी 2021 तक देशभर में निधि समर्पण अभियान चलाया था। इस अभियान में ट्रस्ट की ओर से 10,100 व 1000 के कूपन के जरिए मंदिर निर्माण के लिए धन एकत्रित किया गया था। इस अभियान में रामभक्तों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की थी, जाति-धर्म की दीवारें तोड़कर मंदिर निर्माण के लिए यथासंभव योगदान दिया था। इसका परिणाम यह रहा कि 42 दिन के अभियान में देशभर से 3500 करोड़ रुपये की धनराशि एकत्र हुई।
