मैनपुरी में मुठभेड़, चली गोलियां, धरा गया 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर

मैनपुरी (मानवीय सोच)  बिछवां थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम पुलिस ने फर्दपुर मार्ग पर पुलिस इनामी अपराधी का पीछा कर रही थी, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। एक गोली अपराधी के पैर में लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जा से कुछ जेवर भी बरामद हुए। वह थाना क्षेत्र में दो चोरी की वारदात में वांछित चल रहा था। एसपी ने घटनास्थल पहुंच कर जानकारी जुटाई।

जनपद कासगंज के पटियाली निवासी अरमान अली के विरुद्ध बिछवां थाना में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी ने 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। रविवार शाम थानाध्यक्ष अमित सिंह को सूचना मिली कि अरमान फर्दपुर मार्ग पर किसी वारदात में चोरी किए गए जेवर आदि को बेचने के लिए जा रहा है। इस सूचना पर थानाध्यक्ष ने टीम के साथ फर्दपुर बीलों मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी, बाइक पर आते अरमान को देख जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस कर्मियों पर फायर किए और बाइक मोड़ कर भागने लगा।

थानाध्यक्ष ने किया पीछा 

थानाध्यक्ष ने टीम के साथ उसका पीछा करना शुरू कर दिया। एक स्थान पर अरमान घिर गया, दोनों ओर से फायरिंग के दौरान एक गोली अरमान के पैर में लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, मुठभेड़ की सूचना पर एसपी कमलेश दीक्षित मौके पर पहुंच गए और जानकारी जुटाई। एसपी ने आरोपी से जिला अस्पताल पहुंच कर पूछताछ की।

छह जनपदों की पुलिस को थी तलाश

एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि कासगंज निवासी अरमान एक शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध अलीगढ, बदायूं, फर्रुखाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी आदि जनपदों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बिछवां से चोरी की दो घटनाओं में वांछित था, उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित था। रविवार की शाम वह जेवर बेचने के लिए जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जा से कुछ जेवर मिले हैं। जानकारी की जा रही है कि वह किस वारदात से संबंधित हैं।

कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा

फर्दपुर बीलों मार्ग पर पुलिस व बदमाश के बीच मुठभेड़ की सूचना जैसे ही वायरलैस पर फ्लैश हुई, तो तुरंत ही बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल की ओर रवाना हो गया। एसपी कमलेश दीक्षित, एएसपी विजय पाल, सीओ भोगांव विजय पाल, भोगांव आदि थाना की पुलिस भी पहुंच गई। गोली लगने से घायल हुए इनामी अपराधी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ये बोले एसपी 

एसपी मैनपुरी कमलेश दीक्षित ने बताया कि अरमान की गिरफ्तारी पर उनके द्वारा 25 हजार का इनाम घोषित था, बिछवां पुलिस से मुठभेड़ के दौरान वह गोली लगने से घायल हुआ है। उसके पास जेवर भी मिले हैं, जिनके बारे में जानकारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *