लखनऊ (मानवीय सोच) विश्वविद्यालय ने पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा की तिथि की घोषणा कर दी है। प्रवेश परीक्षाएं 10 से 17 सितंबर तक चलेंगी। जल्द ही लविवि प्रशासन प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम अपनी वेबसाइट पर जारी कर देगा। लविवि के पीजी पाठ्यक्रमों में आवेदन की अंतिम तिथि 30 अगस्त है। प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 10 से 17 सितंबर तक किया जाएगा। तीन सितंबर को प्रवेश परीक्षा का विषयवार कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। छात्र इसकेलिए प्रवेश पत्र छह सितंबर से लविवि की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। छात्रों के लॉगइन आईडी के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड होगा। प्रवेश परीक्षा को लेकर दिशा-निर्देश प्रवेश पत्र में प्रकाशित रहेगा। प्रवेश परीक्षा लविवि के मुख्य और नवीन कैंपस में होगी।
आज से मिलेगा यूजी प्रवेश परीक्षा का प्रवेश पत्र
लविवि के यूजी में प्रवेश करने के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा का प्रवेश पत्र 25 अगस्त से लविवि की वेबसाइट से मिलेगा। छात्र लॉगइन आईडी से इसे डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र में बार कोड भी होगा जिसे स्कैन करने पर छात्र गूगल मैप के माध्यम से अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 29 अगस्त से चार सितंबर तक चलेगी। यूजी पाठ्यक्रमों के लिए लविवि ने गत 18 अगस्त तक आवेदन लिए थे। प्रवेश समन्वयक प्रो. पंकज माथुर ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए लविवि मुख्य व जानकीपुरम स्थित नवीन कैंपस को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
वहीं बीए में सबसे ज्यादा छात्रों ने आवेदन किया है। लविवि परिसर के अलावा अन्य केंद्र भी बनाए जाएंगे। 29 अगस्त को सुबह 11:30 से एक बजे तक बीएलएड और चार बजे से 5:30 बजे तक डीफार्मा के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। 30 को दोपहर 11:30 से एक बजे तक बीजेएमसी, चार से 5:30 बजे तक बीवीए, बीएफए, 31 अगस्त को 11:30 से एक बजे तक बीएससी बायोलॉजी एनईपी, चार से 5:30 बजे तक बीएससी एग्रीकल्चर, एक सितंबर को 11:30 बजे से एक बजे तक बीए एनईपी, दो सितंबर को 11:30 से एक बजे तक बीएससी मैथमेटिक्स एनईपी, चार से 5:30 बजे तक बीसीए, तीन सितंबर को 11:30 से एक बजे तक एलएलबी पांच वर्षीय, चार से 5:30 बजे तक बीबीए, चार सितंबर को 11:30 से एक बजे तक बीकॉम एनईपी और चार से 5:30 बजे तक बीकॉम ऑनर्स के लिए प्रवेश परीक्षा होगी।
