लखनऊ (मानवीय सोच) चारबाग स्थित बेस्ट बिरियानी रेस्टोरेंट में बृहस्पतिवार रात करीब 9.30 बजे अचानक आग लग गई। तेज लपटों में घिरे दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों ने करीब आधा घंटा में आग पर काबू पाया। हादसे में जल चुके नासिक के प्रकाश सुधाकर दात्रे(30) को सिविल अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि करीब 40 फीसदी तक झुलसे नासिक के ही अनीस शेख उर्फ बादशाह का इलाज चल रहा है।
एडीसीपी मध्य राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक चारबाग स्थित रंगोली होटल है। होटल के भूतल पर रामपुर जिले के अनीस अहमद का बेस्ट बिरियानी रेस्टोरेंट है। रसोई गैस सिलिंडर में रिसाव की वजह से रेस्टोरेंट में आग लग गई। रेस्टोरेंट में बिरियानी खा रहे प्रकाश व अनीस आग में फंस गए। रंगोली होटल का स्टाफ आग बुझाने के उपकरणों से आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटा। रेस्टोरेंट का मालिक भी पानी डालने में जुट गया। साथ ही दमकल को सूचना दी गई। दमकल करीब 15 मिनट में पहुंची।
अनीस शेख पीछे की तरफ चले जाने से कम झुलसा था जबकि प्रकाश जल गया था। आग पर काबू पाने के बाद दोनों को फौरन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पड़ोसियों ने बताया कि कई दिनों से गैस लीक होने की वे शिकायत करते थे, तो अनीस चुप करा देता था। कई लोगों ने हादसे की चेतावनी दी, लेकिन हर बार उसने कुछ नहीं होने की बात कही। एडीसीपी का कहना है कि रेस्टोरेंट में घरेलू व कॉमर्शियल दोनों गैस सिलिंडर पाए गए हैं। रेस्टोरेंट में कौन-कौन स्टाफ था, सिलिंडर में रिसाव क्या लापरवाही की वजह से हुआ, इन सब पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं सीएफओ मंगेश कुमार बताते हैं कि रेस्टोरेंट के ऊपर बने होटल के फायर उपकरण न होते तो आग और विकराल हो सकती थी।
दोस्त की शादी में शामिल होने आए थे सभी
एडीसीपी के मुताबिक प्रकाश प्रतापगढ़ में एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए सात साथियों के साथ आया था। बृहस्पतिवार को शादी से लौटने के बाद सभी रंगोली होटल में रुके थे। बाकी साथी होटल में आराम कर रहे थे, प्रकाश और अनीस बिरियानी खाने के लिए निकल लिए। शुक्रवार को इन सभी को वापस नासिक लौटना था।
रेस्टोंरेंट की एंट्री पर बना रखा था किचन, इसलिए नहीं भाग सके ग्राहक
रेस्टोरेंट का किचन एंट्री पॉइंट पर बाहर बना हुआ था। ग्राहक अंदर बैठ कर खाते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि गैस सिलिंडर में आग लगी और गेट पर फैल गई। इससे अंदर से प्रकाश और अनीस शेख बाहर नहीं निकल सके।
