उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 (हैण्डबॉल/बास्केटबॉल) का शुभारम्भ किया
प्रतियोगिता में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों की 75 टीमें व
1,341 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे, इनमें 336 महिला खिलाड़ी शामिल
प्रतिभागी टीमें ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रहीं
विगत 05 वर्षों में 500 से अधिक खिलाड़ियों को उ0प्र0 पुलिस बल का हिस्सा बनाया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करने के लिए हमें स्वस्थ भारत चाहिए और स्वस्थ भारत के लिए खेलकूद की गतिविधियों को प्रत्येक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। इसीलिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश में एक नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया है। खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया मूवमेण्ट या देश में प्रत्येक जनपद में खोले गए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इण्डिया के सेण्टर इस बात के उदाहरण हैं। इसके दृष्टिगत प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है, जिसमें केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों की 75 टीमें सहभागी बन रही है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां शहीद चन्द्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल, 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 में आयोजित प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 (हैण्डबॉल/बास्केटबॉल) का उद्घाटन करने के बाद इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतिभागी टीमों द्वारा मार्चपास्ट किया गया। मुख्यमंत्री जी ने उनका मान-प्रणाम स्वीकार किया। महिला आरक्षी सुश्री बरखा सोनकर ने मुख्यमंत्री जी को मशाल सौंपी। मुख्यमंत्री जी द्वारा मशाल आरक्षी श्री विक्रान्त सिंह को सौंपी गयी।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खेल व खेलकूद की गतिविधियां प्राचीनकाल से ही भारत के जीवन का हिस्सा रही हैं। भारतीय मनीषा ने कहा है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्’ अर्थात धर्म के जितने भी साधन है, उनकी पूर्ति एक स्वस्थ शरीर से ही सम्भव है। स्वस्थ शरीर में ही एक स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज से अगले 04 दिनों तक प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 का आयोजन प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है। इसमें केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों से जुड़ी 75 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। कुल 1,341 खिलाड़ी इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 336 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जी ने क्लस्टर प्रतियोगिता के उत्तर प्रदेश में आयोजन करने के लिए प्रधानमंत्री जी तथा केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह खेल के महाकुम्भ जैसा है। सुदूर मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों की टीमें इस आयोजन का हिस्सा बन रही हैं और इसे एक नई ऊँचाई तक पहुंचाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने खेल नीति-2023 लागू की है। हमने विगत 05 वर्षों के दौरान अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदार बने और मेडल प्राप्त करने वाले 500 से अधिक खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनाया है। इससे उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समाज के अलग-अलग तबकों में नया प्रोत्साहन देखने को मिल रहा है। अलग-अलग विभागों के माध्यम से भी खिलाड़ियों के लिए विशेष प्राविधान किए गए हैं। खेलकूद की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 65,000 से अधिक युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में 03 स्पोर्ट्स कॉलेज-लखनऊ, गोरखपुर तथा इटावा में संचालित हैं,
स्पोर्ट्स हॉस्टलों में उत्कृष्ट प्रशिक्षण के लिए 50 अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को 01 लाख 50 हजार रुपये प्रतिमाह के मानदेय पर नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वाराणसी में प्रदेश के तीसरे अन्तरराष्ट्रीय किक्रेट स्टेडियम का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। वाराणसी के सिगरा में डॉ0 सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में 287 करोड़ रुपये की लागत से अन्तरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नए इण्डोर स्टेडियम का निर्माण किया गया है। इसमें बैडमिण्टन, बास्केटबॉल, स्विमिंग, स्नूकर सहित 20 से अधिक इण्डोर खेलां की सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ में मेजर ध्यानचन्द स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य वर्तमान में युद्धस्तर पर चल रहा है। इस विश्वविद्यालय का पहला सत्र इसी वर्ष से प्रारम्भ होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भारत सरकार के सहयोग से ‘एक जनपद एक खेल योजना’ के अन्तर्गत खेलो इण्डिया सेण्टर की स्थापना के कार्यक्रम को युद्धस्तर पर आगे बढ़ा रहे हैं। अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार, मेजर ध्यानचन्द पुरस्कार, खेल रत्न पुरस्कार व खेल के क्षेत्र में पद्म पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार 20,000 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान करती है। राज्य सरकार द्वारा वृद्ध, अशक्त एवं विपदाग्रस्त राज्य स्तर के पूर्व खिलाड़ियों को 4,000 रुपये, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 6,000 रुपये तथा अन्तरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 10,000 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश का सर्वोच्च पुरस्कार-‘लक्ष्मण पुरस्कार’ (पुरुष वर्ग) में एवं ‘रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार’ (महिला वर्ग) में प्रदान किया जाता है। पुरुष खिलाड़ियों को लक्ष्मण जी की कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र एवं 03 लाख 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि तथा महिला खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई की कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र तथा 03 लाख 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कण्ट्रोल बोर्ड को खिलाड़ियों के खेल विकास हेतु 10 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये जाने की घोषणा की गयी है। वर्तमान में इस पर कार्य चल रहा है।
पुलिस महानिदेशक श्री प्रशान्त कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया है। यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 (हैण्डबॉल/बास्केटबॉल) का आयोजन 07 से 11 अप्रैल, 2025 तक लखनऊ में किया जा रहा है।
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, ए0डी0जी0 पी0ए0सी0 श्री सुजीत पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं विभिन्न राज्यों के विभिन्न पुलिस बलों के प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित थे।