गाजियाबाद: (मानवीय सोच) इंदिरापुरम कॉलोनी को नगर निगम पूरी तरह से टेकओवर नहीं करेगा। निगम यहां की केवल 3 सुविधाओं को ही टेकओवर करने की तैयारी कर रहा है। इनमें डिवाइडर, पार्क और ग्रीन बेल्ट शामिल हैं। पहले प्लान था कि नगर निगम जीडीए से पूरी कॉलोनी को टेकओवर करेगा, इसके लिए नगर निगम ने करीब 300 करोड़ रुपये की मांग जीडीए से की थी।। जीडीए फिलहाल इतना पैसा देने को तैयार नहीं है। इस कारण निगम ने पूरी कॉलोनी को टेकओवर करने का इरादा बदल दिया है।
इस मामले में बीजेपी के निवर्तमान पार्षद संजय सिंह की ओर से एक जनहित याचिका हाई कोर्ट में भी दायर की हुई है। इसी जनहित याचिका के दायर होने के बाद निगम और जीडीए दोनों के बीच वार्ता हुई थी। पहले जीडीए ने कहा था कि वह इंदिरापुरम कॉलोनी में वॉटर सप्लाई, स्ट्रीट लाइट, डिवाइडर, सभी पार्क, ग्रीन बेल्ट, सड़क के रखरखाव और सीवर आदि की तमाम सुविधाओं को नगर निगम को ट्रांसफर करेगा।
पैसे के फेर में फंसा मामला
सर्वे रिपोर्ट में करीब 300 करोड़ रुपये की मांग नगर निगम ने की थी। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि पूरी कॉलोनी अगर नगर निगम को ट्रांसफर हो तो इसका फायदा वहां की आम जनता को भी मिलेगा, मगर मामला पैसे पर अटका है। यह सभी जानकारी शासन को भी दी गई है।
