GST काउंसिल की बैठक 28-29 जून को

नई दिल्ली  (मानवीय सोच)  जीएसटी काउंसिल की बैठक की तारीख आ गई है। वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि काउंसिल की 47वीं बैठक 28-29 जून, 2022 को श्रीनगर में होगी। पहले, जीएसटी काउंसिल की बैठक अप्रैल के लिए निर्धारित की गई थी, लेकिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की व्यस्तता के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा। जानकारी के लिए बता दें कि जीएसटी काउंसिल की बैठक वित्त मंत्री की अगुवाई में होती है और इसमें केंद्र-राज्यों के वित्त मंत्री शामिल होते हैं।

क्यों अहम है बैठक: इस बार बैठक में टैक्स स्लैब के युक्तिकरण पर मंत्री समूह (जीओएम) की अंतरिम रिपोर्ट को लेकर मंथन हो सकता है। वहीं, जीएसटी के कार्यान्वयन को भी 1 जुलाई, 2022 को पांच साल पूरे हो जाएंगे। इस लिहाज से भी बैठक काफी अहम है। बैठक में जीएसटी क्षतिपूर्ति मुआवजा के मुद्दे को उठाया जाएगा क्योंकि कई गैर-भाजपा शासित राज्य इसे आगे विस्तार की मांग कर रहे हैं।

दरअसल, राज्यों को मिलने वाली जीएसटी क्षतिपूर्ति की रकम 5 साल के लिए दी जानी थी, जो जून 2022 में समाप्त हो रहा है। विपक्ष के नेतृत्व वाले केरल, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्रियों ने कहा है कि वे जीएसटी काउंसिल की बैठक में इस मुद्दे को उठाएंगे। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी समर्थित तमिलनाडु और बिहार भी इसका समर्थन कर सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *