अलीगढ़ (मानवीय सोच) एएमयू टीचर्स एसोसिएशन (अमुटा) के चुनाव में इतिहास विभाग की प्रो. चांदनीबी का निर्विरोध अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। इसके साथ ही आठ कार्यकारिणी सदस्य का भी निर्विरोध चुनना तय माना जा रहा है। शिक्षकों के चुनाव में पहली बार कोई महिला अध्यक्ष पद की कमान संभालेगी।
चुनाव में सचिव व संयुक्त सचिव पद के लिए दो-दो उम्मीदवार मैदान होने के कारण सीधा मुकाबला है। इन पदों के लिए 15 सितंबर को मतदान होगा। एक हजार से अधिक शिक्षक मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान स्टाफ क्लब में होगा।
अमुटा के अध्यक्ष पद के लिए प्रो. चांदनीबी का ही एकमात्र नामांकन आया है। इस वजह से उनका अध्यक्ष बनना तय है। जबकि आठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए दस उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। नाम वापसी के आखिरी दिन सोमवार को दो उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया। इस प्रकार आठ सदस्य रहने पर सभी को निर्विरोध चुनना तय माना जा रहा है।
वहीं सचिव पद के लिए एएमयू पेट्रो केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के डॉक्टर अशरफ मतीन व जेएन मेडिकल कॉलेज के एनेस्थीशिया विभाग के डा. उवैद अहमद सिद्दीकी के बीच सीधा मुकाबला है। संयुक्त सचिव पद के लिए एएमयू बाटनी विभाग के असिसटेंट प्रोफेसर शाद बिन जावेद व अर्थशास्त्र विभाग के असिसटेंट प्रोफेसर जमील अहमद के बीच मुकाबला है। इन दोनों पदों के लिए दो-दो उम्मीदवारों ने ही नामांकन किया था। किसी ने नाम वापस नहीं लिया है।
