वाराणसीः (मानवीय सोच) वाराणसी के होटल में बिहार के मंत्री तेज प्रताप के साथ हुई बदसलूकी मामले में एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के आधार पर दावा किया जा रहा है कि होटल के मैनेजर ने अपनी गलती मानते हुए तेज प्रताप से माफी मांग ली है। बीते दिनों खबर सामने आई थी कि होटल में तेज प्रताप के सुरक्षाकर्मियों के सामान उनके कमरों से बाहर निकालकर रिसेप्शन पर रख दिए गए थे। साथ ही तेज प्रताप के कमरे की तलाशी लेने की भी बात सामने आई थी। इसे लेकर स्थानीय थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
मंत्री तेज प्रताप का कमरा खोले जाने को लेकर खूब बवाल मचा था। अब इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि तेज प्रताप से होटल के मैनेजर ने घुटनों के बल बैठकर माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे महज 3सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है कि आर्कडिया होटल के मैनेजर तेज प्रताप के सामने घुटनों के बल बैठे हैं। दावा किया जा रहा है कि मैनेजर ने पैरों पर गिरकर तेज प्रताप से माफी मांगी लेकिन वह फिर भी नहीं पिघले।
