पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर और उनके बेटे पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर थाने से छेड़छाड़ के एक आरोपी को छुड़ा ले गए थे। अब पीड़िता ने वीडियो जारी कर न्याय की मांग की है। महिला ने कहा- अगर कौशल किशोर और उनके बेटे विकास किशोर आरोपी का बचाव करेंगे तो फांसी लगाकर जान दे दूंगी। मेरी मौत के जिम्मेदार पूर्व मंत्री कौशल किशोर होंगे। महिला ने वीडियो जारी कर कौशल किशोर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मलिहाबाद के नबीनगंज गांव की रहने वाली महिला का आरोप है कि अप्रैल में आकाश मौर्या नाम के युवक ने मेरे साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। पुलिस ने आकाश मौर्या के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया।
15 जून को पुलिस ने आरोपी आकाश मौर्या को गिरफ्तार कर लिया। आकाश के गिरफ्तार होने की जानकारी मिलते ही कौशल किशोर के बेटे थाने पहुंचे और हंगामा करने लगे। दबाव बनाकर आरोपी आकाश को छुड़ा ले गए। महिला को जब इस बात की जानकारी हुई तो रविवार को वीडियो जारी कर सुसाइड करने की धमकी दी। मामले में मलिहाबाद के इंस्पेक्टर सुरेश सिंह का कहना है- आरोपी आकाश मौर्या के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट और छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है। नोटिस तमिल के लिए पुलिसकर्मी उनके घर भेजे गए थे, लेकिन आकाश हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे। इसलिए उन्हें थाने लाया गया था। ये तस्वीर आरोपी आकाश मौर्या की है। छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया था।
कौशल किशोर ने आरोपों को बताया निराधारपूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने कहा कि महिला के आरोप निराधार हैं। अगर वह आत्महत्या की बात कह रही है, तो इसके लिए मैं क्यों जिम्मेदार हूं? महिला जिस समय छेड़छाड़ की बात कह रही है उस समय आकाश घटनास्थल पर था ही नहीं। इसके साक्ष्य पुलिस को दिए गए हैं। कौशल किशोर ने कहा- पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष विवेचना कर रही है। विकास ने मलिहाबाद थाने में धरना नहीं दिया था। वह सामान्य रूप से गए थे। पूर्व मंत्री कौशल किशोर ने भी आरोपी युवक का बचाव किया है।
अब पढ़िए वीडियो में महिला ने क्या कहा महिला ने कहा- छेड़छाड़ के आरोपी आकाश मौर्य को कौशल किशोर और उनका बेटा विकास किशोर बचाना चाहते हैं। आकाश ने छेड़छाड़ कर उसे पीटा था। उसके खिलाफ 24 अप्रैल को मलिहाबाद थाने में छेड़छाड़, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना एसीपी काकोरी कर रहे हैं। पुलिस ने शनिवार को बड़ी मुश्किल से उसे पकड़ा था। इसकी जानकारी होने पर विकास किशोर अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और वहां प्रदर्शन कर आकाश को छुड़ा ले गए। आकाश के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अगर मुझे न्याय नहीं मिला तो फांसी लगाकर जान दे दूंगी। इसके जिम्मेदार कौशल किशोर होंगे।