मुख्तार के इलाके में गरजे सीएम योगी: माफिया को पाताल से भी निकालकर भेजेंगे जेल

मऊ (मानवीय सोच)  कभी माफिया मुख्तार अंसारी के गढ़ कहे जाने वाले मऊ जनपद में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन हुआ। कलक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जनपद को करोड़ों की सौगात दी। जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि माफिया चाहे जितना भी मजबूत हो, चाहे वह कहीं भी छिप जाए, पाताल से भी निकालकर कानूनी प्रक्रिया के तहत सजा दिलाएंगे।

सीएम योगी ने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन कहा कि माफिया और इनके खानदान से पाई-पाई की वसूली होगी। उन्होंने कहा कि मऊ के विकास का नया इतिहास लिखा जाएगा। विकास, सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य देना भाजपा सरकार की गारंटी है। कहा कि जिले में जल्द ही मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनने से मऊ से लखनऊ की दूरी आधी हो गई है। कोरोना महामारी के समय प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को फ्री राशन, फ्री वैक्सीन दिया था। यही तो नया भारत है। सरकार स्वास्थ्य से लेकर रोजगार देने में लगी हुई है।

हमने प्रण लिया है कि प्रदेश को देश को सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे। विकास के लिए लोगों को सकारात्मक सोच रखना है। मऊ के विकास का नया इतिहास लिखा जाएगा। इस दौरान नगर विकास मंत्री एके शर्मा, मधुबन विधायक रामविलास चौहान, एमएलसी यसवंत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *