यूपी : (मानवीय सोच) स्थानीय निकाय चुनाव के साथ ही गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक (एमएलसी) चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन आयोग ने वोटर लिस्ट को लेकर कवायद शुरू कर दी है। फरवरी 2023 में प्रस्तावित इस चुनाव के लिए एक अक्तूबर 2022 से वोटर लिस्ट बनाने का काम शुरू हो जाएगा। नए सिरे से वोटर लिस्ट बनाई जाएगी और उसमें दर्ज वोटर ही मतदान कर सकेंगे। सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीडियोकांफ्रेंसिंग के जरिए बारीकी से तैयारियों की पड़ताल की।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत पांच मंडल गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, फैजाबाद और देवीपाटन मंडल के 17 जिलों के स्नातक वोटर मतदान कर सकेंगे। एक नवंबर 2022 से तीन साल पूर्व स्नातक की डिग्री हासिल करने वाले ही मतदाता बन सकेंगे। निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक वोटर लिस्ट तैयार करने के लिए एक अक्तूबर 2022 को अधिसूचना जारी होगी। सात नवंबर 2022 तक वोटर बनने के लिए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि तय की गई है। 19 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट तैयार करने और 23 नवंबर को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन तथा 23 नवंबर से नौ दिसंबर तक आपत्ति और उसके निस्तारण तथा 30 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
इस बार फार्म- 18 में बदलाव
इस बार फॉर्म-18 में बदलाव किया गया है, जिसमें शिक्षक व कर्मचारियों के लिए तृतीय अनुसूची को अलग किया गया है। फॉर्म 18 में पूरी जानकारी के साथ विधानसभा क्षेत्र के लिए बनी मतदाता सूची का भी विवरण देना अनिवार्य है। इसी के आधार पर स्थानीय निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को ऑन लाइन किया जाएगा। प्रारूप-18 (आवेदन-पत्र) को व्यक्तिगत रूप से नियुक्त अभिहीत अधिकारियों के समझ प्रस्तुत करना है। अभिहीत अधिकारी प्रमाण-पत्रों की जाँच के बाद डिग्री व प्रमाण-पत्र जाँच कर सत्यापित करेंगे।
गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक क्षेत्र में ये जिले आएंगे
बहराईच, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, आंबेडकरनगर, श्रावस्ती, बलरामपुर और संतकबीरनगर, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अमेठी, अयोध्या और कुशीनगर।
