JDU नेता के बेटे का नोएडा में अपहरण: किडनैपर्स ने माँगी 5 लाख फिरौती

बिहार (मानवीय सोच) बांका जिले के जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व जिला अध्यक्ष रहे मेहराज खान के बेटे का नोएडा के परीचौक के पास अपहरण कर लिया गया। बेटे की उम्र 24 साल है और उसका नाम दिलावर खान है। किडनैपर्स ने फिरौती की रकम 5 लाख रुपए माँगी है।

अभी तक की पड़ताल में पता चला है कि दिलावर पहली बार अपने तीन दोस्तों के साथ नोएडा और दिल्ली घूमने आए थे। इसी दौरान उनकी रेकी कर उनका अपहरण कर लिया गया। पुलिस, किडनैपिंग की जानकारी मिलने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। लेकिन बदमाशों का अभी कुछ पता नहीं चला है

जिस तरह दिलावर के दिल्ली-नोएडा आने पर उन्हें किडनैप किया गया, उससे अंदाजा लग रहा है कि ये काम किसी जानने वाले ने अंजाम दिया होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, दिलावर के किडनैपर्स ने पहले मेहराज खान को फोन किया और उनसे 5 लाख रुपए माँगे। मेहराज ने फौरन बांका पुलिस को इसके बारे में सूचित किया और वहाँ से जानकारी नोएडा पुलिस को दी गई।

नोएडा पुलिस ने इस अपहरण के संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन कहा जा रहा है कि उन्हें कुछ जानकारी और अहम सुराग हाथ लगे हैं। नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया है कि नोएडा में रहकर ठेकेदारी करने वाले एक शख्स की इस किडनैपिंग में संलिप्तता की आशंका है।

दिलावर की फोटो को किडनैपर्स ने उनके पिता मेहराज के फोन पर भेजा था जिसके बाद घरवाले ज्यादा परेशान हैं। इसमें उनके गले पर चाकू रखा दिख रहा है। पुलिस को पता चला है कि दिलावर मछली पालन का काम करते थे और उन्होंने जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव भी लड़ा था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *