लखनऊ : (मानवीय सोच) आईआईएम रोड पर रविवार देर रात जॉगर्स पार्क चौराहे के पास बुलेट से तेज रफ्तार में जा रहे पुलिसकर्मियों ने सड़क पार कर रहे सीतापुर के लहरपुर निवासी मजदूर सुरेश (50) को कुचल दिया। चंद मिनटों में ही उसकी मौत हो गई। हादसे में बुलेट चला रहे सिपाही अजय जाट को भी गंभीर चोटें आईं।
ट्रॉमा में उसका इलाज जारी है। हादसे की सही सूचना न देने और गुमराह करने पर काकोरी थानेदार विजय यादव को हटा दिया गया है।
काकोरी थाने में तैनात सिपाही अजय जाट और सौरभ मिश्रा रविवार रात ड्यूटी पर थे। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे एक संदिग्ध वाहन का पीछा करते हुए वे जॉगर्स पार्क के आगे तक पहुंच गए। जब वे वापस लौट रहे थे तो बुलेट की रफ्तार बहुत तेज थी। पार्क के पास ही सड़क पार कर रहे सुरेश को रौंद दिया।
बुलेट चला रहे अजय भी खून से लथपथ होकर गिर गए। स्थानीय पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर सोमवार सुबह सुरेश के परिवारीजन पहुंचे। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव उनके सुपुर्द कर दिया। सुरेश पल्लेदारी करते थे।
