खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय की ओर से मिलावट रोकने के लिए संचालित अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। इसमें 43 हजार से अधिक खाद्य तेल एवं करीब 7 हजार लीटर घी मिलावटी होने के आधार पर सीज किया गया। जयपुर में सीकर रोड़ स्थित कूकरखेड़ा मंडी में रितेश एंटरप्राइजेज फर्म पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त पंकज कुमार ओझा ने बताया कि फर्म के यहां पालीवाल, बालाजी और तिरुमला ब्रांड का 2044 किलो घी, श्री फ़ूड ट्रेडिंग पर होम सारथी का नन्द कृष्णा ब्रांड के करीब 4000 लीटर घी के नमूने लिए गए हैं। पालीवाल ब्रांड का घी पूर्व में भी जांच में अमानक पाया जा चुका है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के केंद्रीय दल ने सूरजपोल अनाज मंडी परिसर स्थित मैसर्स ताम्बी ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान प्रथम दृष्टया तेल में मिलावट की आशंका को देखते हुए करीब 2,470 लीटर सरसों तेल सीज किया गया है। सूरजपोल मंडी के बाद वीकेआइ, आकेड़ा डूंगर स्थित गोयल ऑयल उद्योग पर भी 41,000 लीटर टैगोर ब्रांड ऑयल सीज किया एवं 2 सैंपल लिए गये। इस खाद्य तेल में राइस ब्रान ऑयल की मिलावट होना पाया गया। नमूनों को जांच के लिए केन्द्रीय जांच प्रयोगशाला भिजवाया गया है।
