एलडीए लाया व्यावसायिक भूखंड, शहर में नए होटल, मॉल

लखनऊ  (मानवीय सोच)  जो लोग नये माल, होटल, कॉम्प्लेक्स, इंजीनियरिंग कॉलेज, स्कूल आदि को खोलने की योजना बना रहे हैं उनके लिए एलडीए व्यावसायिक भूखंड लेकर आ रहा है। ऐसे भूखंडों का पंजीकरण एक सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक होगा। पंजीकरण कराने वाले आवेदक 17 अक्टूबर को ऑनलाइन नीलामी में ऊंची-ऊंची बोली लगाकर भूखंड को हासिल कर सकेंगे। आवेदकों को भूखंडों को खरीदने के लिए दो करोड़ रुपये से नीलामी में बोली लगाने की शुरुआत करनी पड़ेगी।

एलडीए के यह 400 से अधिक भूखंड चक गजरिया सिटी (सीजी सिटी), गोमती नगर विस्तार, जानकीपुरम विस्तार, कानपुर रोड, हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज योजना में हैं। सबसे अधिक व्यावसायिक भूखंड बसंत कुंज योजना में हैं जो कि लगभग 300 हैं। एलडीए के इन भूखंडों पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, मल्टीप्लेक्स और शॉपिंग मॉल, स्कूल और नर्सिंग होम को बनाया जा सकता है। जो खरीदार सबसे ऊंची बोली लगाएगा, उसे ही भूखंड हासिल होगा।

ऐसे होगा पंजीकरण
इस ई नीलामी में भाग लेने के इच्छुक लोगों को पंजीकरण कराने के लिए प्राधिकरण की वेबसाइट पर जाकर लॉगिन आईडी बनानी होगी। बाद में अपनी बनाई हुई आईडी से जिस संपत्ति की नीलामी में भाग लेना चाहते हैं, उसका चयन करना होगा। संपत्ति का चयन करने के बाद नियमानुसार टोकन मनी/ईएमडी की धनराशि जमा करने के लिए ई-चालान बनाकर अपने बैंक से आरटीजीएस अथवा नेट बैंकिंग के माध्यम से धनराशि जमा करके ई नीलामी वाली तिथि को बोली लगायी जा सकती है।

खुल जाएंगे छह नये माल, मल्टीप्लेक्स
एलडीए अधिकारियों का मानना कि इस नीलामी में ये व्यावसायिक भूखंड बिक गये तो लखनऊ में छह नए मॉल और मल्टीप्लेक्स खुल जाएंगे जबकि कई बड़े निजी स्कूल भी खुलेंगे। निवेशकों के समक्ष प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में रिक्त ग्रुप हाउंसिंग, शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स, होटल, सिटी क्लब, पेट्रोल पम्प, स्कूल, टेक्निकल एजुकेशन भूखंड, नर्सिंग होम, फैसेल्टीज, कन्वीनिएंट शॉप एवं मिश्रित भूउपयोग की संपत्तियों का प्रेजेन्टेशन दिया जाएगा। इसके साथ ही संपत्ति खरीदने के इच्छुक निवेशकों को साइट विजिट भी कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *