इंदौर: (मानवीय सोच) बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने हाल ही में महिलाओं के पहनावे पर ऐसा बयान दिया, जिसकी चर्चा चारों ओर हो रही है. अब मध्य प्रदेश की संस्कृति और पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर भी बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी के समर्थन में उतर आई हैं. उषा ठाकुर ने शनिवार को कहा, “यदि कोई वैदिक सनातन परंपरा का पालन नहीं करता है, तो वह व्यक्ति राक्षस प्रवृत्ति (राक्षसों के लक्षण) वाला कहा जाएगा.”
बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था, ‘हम महिलाओं को देवी मानते हैं, लेकिन लड़कियां ऐसे अश्लील कपड़े पहनती हैं, जिसमें वे ‘सूर्पणखा’ (लंका नरेश रावण की बहन) की तरह दिखती हैं.’ साथ ही उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर नाराजगी भी व्यक्त की थी. इसी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा, ”बीजेपी सत्ता के घमंड में चूर होकर मर्यादा भूल रही है. उसकी बातों पर ध्यान दो.”
