वाराणसी (मानवीय सोच) उच्च न्यायालय के आदेश पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने एलएलबी की प्रवेश परीक्षा निरस्त कर दी है। धांधली के आरोप में एलएलएम की प्रवेश परीक्षा पहले ही निरस्त की जा चुकी है। नई तिथियों की जल्द घोषणा होगी। इसकी जानकारी कुलसचिव हरीशचंद ने दी।
एलएलबी प्रवेश परीक्षा में नकल का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। कोर्ट ने विद्यापीठ के कुलपति को एलएलबी प्रवेश परीक्षा निरस्त करने का आदेश दिया था। इसी क्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा निरस्त किए जाने की सूचना दी।
16 अगस्त को एलएलबी की प्रवेश परीक्षा हुई थी। 60 सीटों के लिए करीब 1800 आवेदन आए थे। प्रवेश परीक्षा निरस्त होने से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अब दोबारा परीक्षा देनी होगी। वैसे, विद्यापीठ प्रशासन एलएलबी प्रवेश परीक्षा में नकल होने की बात पहले ही खारिज कर चुका है।
