मायावती ने दिए निर्देश, ‘वोट हमारा राज तुम्हारा नहीं चलेगा’ अभियान गांव-गांव चलाएं

लखनऊ (मानवीय सोच) यूपी निकाय चुनाव में करारी हार के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर सभी छोटे बड़े पदाधिकारियों की बैठक की। उन्होंने कहा कि वोट हमारा राज तुम्हारा नहीं चलेगा का अभियान गांव-गांव तेजी के साथ चलाया जाए। स्टेट कमेटी और सभी 18 मंडलों में जिलों के पदाधिकारियों की बैठक लेते हुए मायावती ने कहा कि अब लोकसभा चुनाव की तैयारियों में मिशनरी लक्ष्य के साथ लगन से जुट जाना है।

उन्होंने निकाय चुनाव की जिलेवार समीक्षा की और फीडबैक लिया। कहा कि चुनाव में भाजपा और समाजवादी पार्टी ने साम दाम दंड भेद जैसे घिनौने हथकंडे अपनाये। भाजपा ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करते हुए दमन की कार्रवाई की। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की शिकायत रही।

उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र एवं भविष्य के लिए बेहद दुखद है। इसका जवाब लोकसभा चुनाव में जनता देगी। निकाय चुनाव में लोगों की आपसी गुटबाजी, रंजिश और मनमुटाव तथा चुनाव में टिकट नहीं मिल पाने आदि के कारण हालात थोड़े दिन अलग जरूर रहते हैं। इसे आगे ध्यान में रखकर संगठन को मजबूत किया जाए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *