सीएम योगी आदित्यनाथ- सत्ता में रहते हुए जनता के प्रति हमारी जिम्मेदारियां और बढ़ी

मेरठ  (मानवीय सोच) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि राज्य और केंद्र दोनों जगह सत्ता में रहने की वजह से लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी बढ़ गई है। सीएम योगी ने बीजेपी नेताओं से कहा कि उन्हें पूरे समर्पण के साथ काम करना होगा। मेरठ नगर निगम की कचरा जमा करना वाली 76 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाने के बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य नेताओं के साथ बैठक की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों को ध्यान से सुना जिन्होंने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इसके अलावा सीएम ने विभिन्न विभागों के कामकाज के बारे में भी पूछा। लगभग एक घंटे तक चली बैठक में मौजूद एक नेता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में रहते हुए उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है क्योंकि लखनऊ और दिल्ली दोनों में भाजपा की सत्ता है और उन्हें जन कल्याण के लिए पूरे समर्पण के साथ काम करना है।

इस बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी भी मौजूद थे। इससे पहले मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11 बजे पुलिस लाइन के हेलीपैड पर उतरा जहां सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, विधायकों और अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। जानकारी के मुताबिक सीएम योगी मेरठ के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात भी करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *