लखनऊ (मानवीय सोच) सड़कों पर खुलेआम शराब के जाम लड़ाने वालों पर कार्रवाई के लिए पुलिस हरकत में आई। लखनऊ मंडल के प्रभारी व पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद की शराब की दुकानों के बाहर ही जाम लड़ाए जाने को लेकर सोमवार को नाराजगी जताने के बाद भी नींद में रहे पुलिस अधिकारियों की लापरवाही को ‘अमर उजाला’ ने बुधवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया।
इसके बाद सड़कों पर मुस्तैद दिखी पुलिस ने 247 शराबियों को गिरफ्तार किया। वहीं, करीब इतनी ही संख्या में सड़क पर जाम लड़ा रहे लोगों के चालान काटे गए। पुलिस ने 200 से ज्यादा दुकानों के बाहर हालातों का जायजा लिया।
पुलिस बुधवार देर शाम से ही सड़कों पर दिखी। सभी जोन में शराब की दुकानों के बाहर चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इस दौरान शराब की दुकान के बाहर खड़े होकर जाम लड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसके साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि दुकान के बाहर पीने वालों को शराब न दी जाए।
दुकान के बाहर किसी ने शराब पी तो दुकानदार के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान गोमतीनगर, विभूतिखंड, चौक, ठाकुरगंज समेत अन्य इलाकों में पुलिस टीम ने कार की डिग्गी, बाइक में टंगे थैलों तक को चेक किया।
कहां, कितनी गिरफ्तारियां
जोन — संख्या
पूर्वी — 29
दक्षिणी — 44
पश्चिमी — 81
उत्तरी — 64
सेंट्रल — 29
जारी रहेगी सख्ती
डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक का कहना है कि सड़क पर शराब पीने वालों के खिलाफ सभी जोन में सख्ती की गई है। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
