मुंबई (मानवीय सोच) लखनऊ से सिर्फ हजार रुपये लेकर घर से निकली प्रीति शुक्ला अब टेलीविजन और भोजपुरी सिनेमा में खूब नाम कमा रही हैं। दुबई में हुए ग्लोबल इंसपिरेशनल अवार्ड्स में प्रीति को भोजपुरी, टेलीविजन और संगीत उद्योग में बेहतरीन काम के लिए इस साल का सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार मिला है। वह कहती हैं, ‘दुबई जैसे अनजान शहर में अपने प्रशंसकों से मिलना मेरे लिए अब तक का सबसे बढ़िया अनुभव रहा है। इस दौरान मुझे इस बात का भी आभास हुआ कि सोशल मीडिया किसी कलाकार की पहुंच कैसे दुनिया भर में पलक झपकते ही कर देता है।’
रसायन शास्त्र (केमिस्ट्री) में एमएससी करने के बाद अभिनय में अपना करियर बनाने प्रीति मुंबई आईं। वह बताती हैं, ‘लखनऊ में पढ़ाई के दौरान ही मेरा रुझान अभिनय की तरफ हो गया था। शुरुआत मॉडलिंग से हुई और जब मेरा पहला होर्डिंग लखनऊ में लगा और इसके लिए मेरे पास सैकड़ों बधाई संदेश आए तो मेरे परिचितों ने मेरा हौसला बढ़ाया। इस हौसला अफजाई के बाद ही मैंने मुंबई आने का फैसला किया।
