उत्तर प्रदेश : (मानवीय सोच) पूर्णकालिक डीजीपी के चयन का प्रस्ताव जल्द संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को भेजने की तैयारी है।
बीते करीब एक साल से आयोग को प्रस्ताव भेजने में तमाम पेचीदगियों के बीच नए सिरे से कवायद शुरू की गई है। गृह विभाग के सूत्रों की मानें तो प्रस्ताव तैयार हो चुका है। उच्च स्तर से अनुमति मिलते ही आयोग भेज दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार के प्रस्ताव से यदि आयोग सहमत हो जाता है तो वर्तमान कार्यवाहक डीजीपी विजय कुमार को जनवरी के बाद सेवा विस्तार मिलने की संभावना बढ़ जाएगी। दरअसल पिछले साल डीजीपी मुकुल गोयल को हटाने के बाद राज्य सरकार ने आयोग को नए डीजीपी का चयन करने का प्रस्ताव भेजा था।
पर, आयोग ने मुकुल गोयल को हटाने की वजह पूछने के साथ प्रस्ताव लौटा दिया था। इसके बाद सितंबर में इसकी दोबारा कवायद की गई लेकिन आयोग ने इसे खारिज कर दिया।
