फिरोजाबाद : (मानवीय सोच) सुहागनगर सेक्टर तीन स्थित अचल पैलेस में आयोजित सपा के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उद्योगपतियों के गठजोड़ से केंद्र और प्रदेश सरकार चल रहीं हैं। इनके विरुद्ध कोई बोले तो उसे ईडी, सीबीआई का भय दिखाकर चुप करा दिया जाता है।
प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी अभी से प्रारंभ कर दें। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा हमने कई बार आबादी के हिसाब से आरक्षण की मांग उठाई। प्रदेश में हत्या की प्राथमिकी दर्ज होने पर संबंधित के मकान पर बुलडोजर चलवाए जा रहे हैं। कानून व्यवस्था के नाम पर एनकाउंटर हो रहे हैं। मुस्लिम समाज के लोगों का उत्पीड़न हो रहा है।
विपक्ष एकजुट होकर 2024 में भाजपा को हराएगा
समाजवादी पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि विपक्ष एकजुट होकर भाजपा सरकार को हराने का काम करेगा। एक दो दल छोड़कर बाकी सभी साथ होंगे। 2024 में ऐसा नहीं हुआ तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने प्रदेश की योगी एवं केंद्र की मोदी सरकार पर भी हमला बोला।
