बीजेपी ज्वॉइन करेंगे आरसीपी सिंह, पूर्व मंत्री ने किया ऐलान

पटना  (मानवीय सोच) पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ऐलान करते हुए कह दिया है कि वह बीजेपी ज्वॉइन करेंगे। साथ ही उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वो कुर्सी के लिए किसी के भी साथ जा सकते हैं। आरसीपी सिंह ने कहा कि वो (नीतीश कुमार) सात जन्म में भी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं। दो दिन पहले ही नालंदा में आरसीपी सिंह को बीजेपी में शामिल होने का न्योता मिला था तो उस वक्त उन्होंने जवाब दिया था कि वो सही समय पर सही निर्णय लेंगे। उसी समय से माना जा रहा था कि आरसीपी सिंह जल्द ही बीजेपी में शामिल होंगे।

गौरतलब है कि पिछले दिनों आरसीपी सिंह पर जब भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के आरोप लगे तो पार्टी ने उनको कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। इसके बाद आरसीपी सिंह ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

बता दें कि आरसीपी सिंह जेडीयू के अध्यक्ष रह चुके हैं। 2016 में वह जेडीयू से दूसरी बार राज्यसभा पहुंचे थे। नीतीश कुमार ने जब जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ा था तब आरसीपी सिंह को ही पार्टी की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि नीतीश की मर्जी के खिलाफ जब वह मोदी कैबिनेट में मंत्री बन गए तो दोनों के बीच दरार आने लगी। इस बार जेडीयू से उन्हें राज्यसभा नहीं भेजा गया। इसके बाद आरसीपी सिंह को मंत्रिपद छोड़ना पड़ गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *