वाराणसी में इंटरमीडिएट तक के स्कूल 7 जनवरी तक बंद

वाराणसी  (मानवीय सोच)  भीषण ठंड का असर अब बच्चों की पढ़ाई पर भी दिखने लगा है। वाराणसी में बढ़ती सर्दी को देखते हुए समस्त बोर्ड के कक्षा 12वीं तक के स्कूल बंद किए गए हैं। जिलाधिकारी एस राजलिंगम के आदेश पर डीआईओएस ने गुरुवार को 7 जनवरी तक स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए। पहले यह आदेश पांच जनवरी तक ही था। जिसे अब दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया है।

इंटरमीडिएट तक के स्कूल बंद होने से छात्र-छात्राओं ने राहत की सांस ली है। वाराणसी में सर्दी का यह आलम है कि लोग बेवजह घरों से निकलना उचित नहीं समझ रहे हैं। ठंड इतनी अधिक है कि रात की बात तो दूर दिन में ही कंपकंपी लगने लगी है। सूरज ने भी मुंह मोड़ लिया है। वाराणसी में इस सीजन में सबसे ज्यादा ठंडा दिन गुरुवार रहा।

आईएमडी लोकल वेदर के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले तीन चार दिन तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है। इसके लिएअलर्ट भी जारी किया गया है। ठंड के प्रकोप से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *