मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह को सेवा विस्तार

रामपुर: (मानवीय सोच)  मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह का एक साल का सेवा विस्तार होने पर भाजपाइयों ने सपा नेता आजम खान के घर के बाहर मिठाई बांटी। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।

दरअसल, मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, लेकिन वह सपा सरकार में 15 फरवरी 2015 को प्रदेश में प्रतिनियुक्ति पर आए थे, जिसके बाद वह रामपुर के डीएम भी रहे थे। उन्होंने जब सपा नेता आजम खान और उनके करीबियों पर शिकंजा कसना शुरू किया तो प्रदेश सरकार की संस्तुति पर उनकी सेवा अवधि दो साल के लिए बढ़ा दी गई थी। अब 15 फरवरी को उनका कार्यकाल पूरा हो गया था, जिसके बाद केंद्र सरकार ने एक साल के लिए उनका सेवा विस्तार बढ़ा दिया है।

शनिवार रात को जैसे ही यह खबर आई तो भाजपाइयों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। सपा नेता आजम खान के बेहद करीबी रहे फसाहत अली खान उर्फ शानू ने अपने घर से लेकर आजम खान के घर तक मिठाई बांटी। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुहं मीठा कराया। रिक्शा चालकों को भी मिठाई खिलाई।

विधानसभा उपचुनाव से पूर्व भाजपा में शामिल हुए थे फसाहत

सपा नेता आजम खान के करीबी माने जाने वाले फसाहत अली खान ने 2022 में रामपुर नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आजम खान का साथ छोड़ दिया था। वह भाजपा में शामिल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *