श्रीकांत त्यागी की पत्नी ने दिखाई ‘दबंगई’, घर के सामने फिर से लगवाए पौधे

नोएडा (मानवीय सोच) श्रीकांत त्यागी प्रकरण के बाद चर्चा में आई नोएडा सेक्टर-93 की ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार यहां श्रीकांत की पत्नी अनु त्यागी ने दबंगई दिखाते हुए अपने घर के सामने उखाड़े गए पौधे एक बार फिर से लगाने शुरू कर दिए हैं। इस दौरान जब सोसाइटी के लोगों ने इसका विरोध किया तो उनमें बहस हो गई। इसके बाद घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।

वहीं, इस घटना के बाद नोएडा अथॉरिटी एडिशनल सीईओ ने तुरंत ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में पहुंचकर अनु त्यागी सहित सभी सोसाइटी वालों को 48 घंटे के अंदर अपने-अपने अवैध अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो पुलिस बल के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी के समर्थन में सोमवार को त्यागी समाज के लोगों ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मांगे राम त्यागी ने नोएडा पुलिस और प्राधिकरण से सोसाइटी में हुए सभी अवैध निर्माणों को ढहाने और पेड़-पौधों को हटाने की मांग की थी। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया और उनका धरना खत्म करा दिया था। 

मांगे राम त्यागी ने पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि वह अनु त्यागी के घर के बाहर से उखाड़े गए पेड़ों को फिर से लगवाएं और उसके घर का जो हिस्सा तोड़ा गया था उसका भी फिर से निर्माण कराएं। अगर ऐसा नहीं होता तो सोसाइटी के जिन 299 फ्लैटों में अवैध निर्माण हैं और उन्होंने पौधे लगा रखे हैं, उन्हें भी हटाया जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर त्यागी समाज के द्वारा अब नोएडा में ही धरना प्रदर्शन किया जाएगा और यहीं पर त्यागी समाज के लोगों का टैंट लगेगा।

जेल में बंद है श्रीकांत त्यागी

गौरतलब है कि, नोएडा में 5 अगस्त को श्रीकांत त्यागी द्वारा ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में कथित तौर पर पेड़-पौधे लगाकर अतिक्रमण की कोशिश के चलते एक महिला से अभद्रता करने के मामले में नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को 9 अगस्त को सुबह मेरठ से तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से वह जेल में बंद है।

बता दें कि, श्रीकांत त्यागी कथित तौर पर खुद को भाजपा नेता बताकर लोगों पर रौब झाड़ता था, लेकिन महिला के साथ बदसलूकी के मामले में श्रीकांत त्यागी का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने उससे पल्ला झाड़ लिया था। स्थानीय भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा ने त्यागी के भाजपा सदस्य होने से इनकार किया था।

इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जिनमें से एक में त्यागी महिला के खिलाफ कथित तौर पर गंदी-गंदी गालियां देने के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करते और हाथापाई करते दिख रहा था। त्यागी ने महिला के पति के लिए भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपमानजनक टिप्पणी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *