‘टीवी के श्रीराम’ ने किए रामलला के दर्शन

अयोध्या  (मानवीय सोच) 90 के दशक के धारावाहिक रामायण में भगवान श्रीराम का किरदार निभाने वाले फिल्म अभिनेता अरुण गोविल शनिवार को रामलला के दरबार पहुंचे तो भावुक हो उठे। रामलला का दर्शन करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अरुण गोविल ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में रामायण धारावाहिक की भी अहम भूमिका रही।

धारावाहिक के जरिए भगवान श्रीराम की महिमा को पूरे विश्व में स्वीकार किया गया जो मंदिर आंदोलन का आधार भी बना। उन्होंने कहा कि बहुत समय से इच्छा थी कि अयोध्या के रामलला का दर्शन किया जाए अयोध्या हमारे धर्म संस्कृति का केंद्र बिंदु है यहां आना निश्चित रूप से सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि रामायण का एक-एक शब्द, दोहा और चौपाई अमृत के समान है। इसको जितनी बार पढ़िए हर बार इसके अलग-अलग अर्थ निकलते हैं।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने हर वर्ग को गले लगाया उसके पीछे यही संदेश था कि समाज में सबकी सहभागिता होती है। आज जो राम मंदिर का निर्माण हो रहा है इसके पीछे 500 सालों का संघर्ष है। लाखों लोगों का बलिदान है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *