सपा नेता के बेटे ने डांस फ्लोर पर कार्बाइन से की फायरिंग ; तस्करी का शक

गोरखपुर: (मानवीय सोच)  गोरखपुर में सपा नेता के बेटे और ग्राम प्रधान का डांस फ्लोर पर कारबाइन से फायरिंग करते वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होते ही अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस हरकत में आई और आरोपी को साथी सहित पकड़ लिया गया। आरोपी कार्बाइन का तस्कर भी बताया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो खोराबार थाना क्षेत्र के मटौनी गांव के प्रधान और पूर्व प्रसपा प्रदेश महासचिव विजय प्रताप सिंह का है, जो डांस फ्लोर पर कार्बाइन हाथ में लेकर डांस करते हुए दिखाई दे रहा है।

युवक के पिता कुंवर प्रताप सिंह सपा नेता है, जो पूर्व में प्रदेश महासचिव भी रह चुके हैं। महज 7 सेकेंड के इस वीडियो में युवक डांस फ्लोर पर साथियों के साथ कार्बाइन से फायर करते हुए भोजपुरी गाने पर डांस करता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी होते ही खोराबार पुलिस को सूचित किया गया। खोराबार थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने युवक की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को पता चला कि युवक किसी काम से कचहरी आया हुआ है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने कचहरी आए प्रधान और उसके साथी को हिरासत में ले लिया।

कार्बाइन की करता है तस्करी

पूछताछ के बाद गांव के रहने वाले साथी को छोड़ दिया गया है। कार्बाइन बरामद करने के लिए पुलिस देर रात छापेमारी करती रही। खबर है कि पुलिस ने कार्बाइन भी बरामद कर ली है। पुलिस की सूचना पर थाने पहुंचे आरोपित के पिता कुंवर प्रताप से भी पूछताछ की जा रही है। प्रधान और सपा नेता उसके पिता पुलिस की हिरासत में हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विजय प्रताप की ससुराल बिहार सिवान में है। वह कार्बाइन की तस्करी करता है, उसके ससुर भी इस धंधे में है। विजय प्रताप पर लगभग 6 महीने पूर्व फायरिंग का भी आरोप था। वह जेल भी जा चुका है, उसके चाचा जितेंद्र प्रताप सिंह जिला पंचायत सदस्य रह चुके है। माना जा रहा है कि इनका एक गिरोह है। पुलिस टीम पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

गोरखपुर पुलिस कर रही छापेमारी

इस संबंध में एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि कार्बाइन से फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल होने पर प्रधान को पकड़ा गया है। पूछताछ कर कार्बाइन को बरामद करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। यह भी जानने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रधान को यह प्रतिबंधित असलहा कहां से मिला, किसने और कितने में दिया। नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों पर कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *