गुजरात की तर्ज पर यूपी में भी बनेगा राज्य खेल प्राधिकरण

लखनऊ : (मानवीय सोच)  खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए सरकार बहुत जल्द ही गुजरात की तर्ज पर उप्र खेल प्राधिकरण का गठन करने जा रही है। यह प्राधिकरण स्वतंत्र इकाई होगी। इसके लिए खेल विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसे जल्द ही कैबिनेट में रखा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के साथ ही प्राधिकरण के गठन की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

प्राधिकरण में निदेशक से लेकर सचिव तक सभी पदों पर खेल क्षेत्र के अनुभवी को ही तैनात किए जाने का प्रस्ताव है। अब तक गुजरात में ही राज्य स्तर पर खेल प्राधिकरण है। ऐसे में राज्य खेल प्राधिकरण गठन करने वाला यूपी देश का दूसरा राज्य बन जाएगा।

बता दें कि इस समय प्रदेश में शासन के अलावा खेल निदेशालय के माध्यम से ही सभी खेल व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के संबंधित कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। वहीं, अब सरकार का मानना है कि प्रदेश में खेल के विकास के लिए एक स्वतंत्र इकाई का होना जरूरी है । ताकि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें बेहतर अवस्थापना सुविधा मुहैया कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *