अतुल राय-अफजाल अंसारी पर योगी सरकार का ऐसा ऐक्शन ; पहले कुर्क किया खेत, अब फसलें भी बेच दीं

गाजीपुरः (मानवीय सोच)  बसपा सांसद अफजाल अंसारी और घोसी से सांसद अतुल राय के खिलाफ प्रशासन का ऐक्शन जारी है। दोनों की प्रॉपर्टी सीज होने के बाद उनके खेतों को भी कुर्क कर लिया गया है। अब खेतों में उगाई गई फसल को भी प्रशासन ने बेच दिया। मंगलवार को राजस्व विभाग ने दोनों के खेतों में लगी फसलों को नीलाम किया है। नीलामी की कार्रवाई नीलामी अधिकारी नायब तहसीलदार विश्राम यादव की मौजूदगी में संपन्न की गई।

दोनों सांसदों की कुल 8 गांव में खेती योग्य जमीनों को सीज किया गया था। इनमें लगभग 10 हेक्टेयर खड़ी धान की फसल भी शामिल थी जिसकी नीलामी के लिए कुल 10 आवेदन हासिल हुए थे। इनमें से कुल 8 लोगों ने नीलामी प्रक्रिया में शामिल होते हुए बोली लगाई। 10 हेक्टेयर में बोई गई फसलों की कीमत 5 लाख 38 हजार 538 रुपए सरकार ने निर्धारित किया था। वहीं नीलामी के बाद कुल 5 लाख रुपए राजस्व विभाग को हासिल हुआ।

सीज की गई प्रॉपर्टी भांवरकोल ब्लॉक क्षेत्र के माचा, धनेठा, खरडीहा, आमी, चक भागो, सुमारिया, बहोरा ,वाजिदपुर में है। सबसे ज्यादा बोली माचा गांव के आराजी संख्या-54 के लिए लगी। यह प्रॉपर्टी बीएसपी सांसद अफजाल अंसारी की बताई जा रही है। इसे लेकर सुखडेहरा के रहने वाले राधेश्याम सिंह ने 1 लाख 59 हजार 800 की बोली लगाई गई।

बता दें कि न्यायालय जिला अधिकारी और न्यायालय पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश के क्रम में कुर्क की गई भूमि पर लगी फसलों की नीलामी कराई गई है। इस प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल के अलावा कोतवाली पुलिस मौजूद रही। सीज किए गए खेतों में लगी फसल की नीलामी सोमवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *