ताजमहल में फिर सामने आया नमाज पढ़ने का मामला

आगरा  (मानवीय सोच)  ताजमहल में एक बार फिर नमाज पढ़ने का मामला सामने आया है। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक पर्यटक उद्यान में नमाज पढ़ता दिखाई दे रहा है। पास में एक महिला भी बैठी हुई है। एएसआई के अधिकारी का कहना है कि यह वीडियो कब का है, इसकी जांच कराई जा रही है। उधर, इस मामले में अखिल भारत हिंदू महासभा ने नाराजगी जताई है। 

शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी में केवल दो घंटे के लिए ताजमहल को स्थानीय नमाजियों के लिए खोला जाता है। अन्य दिनों में स्मारक परिसर में धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद आए दिन पर्यटकों द्वारा नमाज पढ़ने के मामले सामने आते रहते हैं। सोमवार जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें भी एक पर्यटक नमाज पढ़ता दिखाई दे रहा है। 

हिंदूवादी संगठन ने की कार्रवाई की मांग 

वीडियो वायरल होने के बाद जहां एएसआई और सीआईएसएफ में खलबली मच गई, वहीं हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया। अखिल भारत हिंदू महासभा ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में संगठन के लोगों ने एएसआई को ज्ञापन सौंपा है। वहीं अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। यह कब का है, यह कहना मुश्किल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *