लखनऊ (मानवीय सोच) कानपुर, आगरा और अयोध्या में शुक्रवार को बारिश हुई। वहीं, झांसी और प्रयागराज में काले बादल झाए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 शहरों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है। कानपुर में गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक 6.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। अयोध्या में रूक-रूककर बारिश जारी है।
इससे पहले, गुरुवार को 37.2 डिग्री सेल्सियस के साथ झांसी-हमीरपुर सबसे गर्म जिले रहे हैं। वहीं, 16°C के साथ अयोध्या और बिजनौर सबसे ठंडा शहर रिकॉर्ड किए गए। गुरुवार शाम को भी प्रदेश में मौसम ने करवट ली थी। कानपुर समेत कई जिलों में रिमझिम बारिश हुई। इसके अलावा, कई जगहों पर ओले भी गिरे हैं। उन्नाव में गुरुवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहां फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में खेत में काम कर रहे युवक पर आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
इन 20 शहरों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के जिन 20 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उनमें प्रयागराज, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, मुरादाबाद, बरेली, हमीरपुर और झांसी हैं।
