झांसी (मानवीय सोच) झांसी में समाजवादी पार्टी से गरौठा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। पूर्व विधायक पर पुलिस शिकंजा कसती जा रही है। कुख्यात लेखराज को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की साजिश रचने के आरोप में दीपनारायण को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब उनके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीपरी बाजार निवासी संजू जरया ने नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें उन्होंने पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव और अन्य 16 लोगों पर जमीन के एक मुकदमे में राजीनामें का दबाव बनाने के लिए अपहरण कर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। इस मामले में पूर्व विधायक के अलावा घनश्यामदास, राजू, प्यारेलाल, उत्तम यादव, अमित अग्रवाल, रमेश खंगार, दयाराम कुशवाहा, जयहिंद यादव, सोनू कुशवाहा, ऊधम यादव, हरेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह यादव, दामोदर यादव, वीर सिंह, जितेंद्र कुमार यादव व हरीशंकर को आरोपी बनाया गया है।
