गोरखपुर : (मानवीय सोच) दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 41वें दीक्षांत समारोह में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में बैचलर ऑफ जर्नलिज्म (बीजे) की टॉपर वंदना तिवारी को अमर उजाला के नवोन्मेषक अतुल माहेश्वरी स्मृति गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
जिले के बेलीपार क्षेत्र के बिस्टौली गांव की रहने वाली वंदना के पिता संतोष तिवारी फोटो स्टूडियो चलाते हैं। मां आशा देवी गृहिणी हैं। वंदना ने नेशनल इंटरमीडिएट कॉलेज बड़हलगंज से कक्षा 10वीं में 86 और 12वीं में 86 फीसदी अंक हासिल किया है। गोरखपुर विश्वविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई करने के बाद डीएलएड का कोर्स किया। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग से बीजे की पढ़ाई पूरी की है।
बीजे की टॉपर वंदना को 900 में 740 अंक प्राप्त हुए हैं। वंदना ने कहा कि अतुल माहेश्वरी स्मृति गोल्ड मेडल पाकर हौसला बढ़ा है। लिखने-पढ़ने का शौक बचपन से है। अब मीडिया के क्षेत्र में ही कॅरियर बनाना चाहती हूं। दीक्षांत समारोह में बेटी के गोल्ड मिलने की उपलब्धि का साक्षी बनने माता-पिता भी पहुंचे थे।
