यूपी में कुल मतदाताओं की संख्या पहुंची 15 करोड़ पार

लखनऊ:  (मानवीय सोच)  उत्तर प्रदेश के रिवाइज्ड वोटर लिस्ट को जारी कर दिया गया है। वर्ष 2023 के रिवाइज्ड वोटर लिस्ट के आधार प्रदेश में कुल वोटरों की संख्या 15 करोड़ को पार कर गई है। राज्य के सभी 403 विधानसभा सीटों पर वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का संक्षिप्त अभियान चलाया गया। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग की ओर से रिपोर्ट जारी की गई है। 1 जनवरी, 2023 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए गए संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के बाद प्रदेश में कुल वोटर बढ़कर 15,04,67,489 हो गए हैं। अभियान में 21 लाख से अधिक नए वोटर जुड़े हैं। चुनाव आयोग ने बीते साल नवंबर-दिसंबर में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में वोटर लिस्ट के संक्षिप्त पुनरीक्षण का अभियान चलाया था। इसमें 1 जनवरी, 2023 तक 18 साल पूरा करने वाले मतदाताओं को भी वोटर बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस दौरान मृत वोटरों और वोटर लिस्ट में एक ही मतदाता के एक से अधिक जगह नाम हटाए गए थे। अभियान को लेकर आयोग ने राजनीतिक दलों के साथ भी बैठक की थी। आपत्तियों को दूर करने के बाद आयोग ने गुरुवार को संशोधित लिस्ट जारी की है।

पुरुष से अधिक महिला वोटर जुड़ीं

अभियान के दौरान 21.72 लाख से अधिक वोटरों के नाम जोड़े गए। इसमें 10.46 लाख पुरुष और 11.26 लाख महिला वोटर हैं। वहीं, 570 थर्ड जेंडर के नाम भी वोटर लिस्ट में जुड़े हैं। 18-19 साल आयु वर्ग के यानी पहली बार के 4.71 लाख वोटरों के नाम भी लिस्ट में शामिल किए गए हैं। वोटर लिस्ट में इस आयु वर्ग के कुल वोटरों की संख्या अब 12.77 लाख हो गई है। पुनरीक्षण अभियान के दौरान 16 लाख से अधिक वोटरों के नाम हटाए भी गए। इसमें 6.79 लाख वोटरों के नाम उनकी मृत्यु के चलते बाहर किए गए। 7.12 लाख वोटरों के नाम कहीं और शिफ्ट हो जाने और 1.89 लाख वोटरों के नाम एक से अधिक जगह होने के चलते काटे गए। इस तरह वोटरों की कुल संख्या में 5.71 लाख की बढ़ोतरी हुई है।

अब भी बन सकते हैं वोटर

चुनाव आयोग का कहना है कि जिनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है, वे बीएलओ के जरिए ऑफलाइन या आयोग की वेबसाइट htttp://voterportal.eci.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जो युवा 1 अप्रैल को 18 साल के हो रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं। टॉल फ्री नंबर 1950 पर फोन करके वोटर लिस्ट में अपना नाम जांचा जा सकता है।

पहले दिन कोई नामांकन नहीं

प्रदेश में खंड स्नातक की तीन सीटों कानपुर, बरेली-मुरादाबाद व इलाहाबाद-झांसी और शिक्षक निर्वाचन की 2 सीटों गोरखपुर-फैजाबाद व इलाहाबाद-झांसी के लिए गुरुवार को नामांकन शुरू हो गया। पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने पर्चा नहीं भरा। 12 जनवरी को नामांकन की आखिरी तारीख है। 13 जनवरी को पर्चों की जांच और 16 जनवरी तक नाम वापसी होगी। 30 जनवरी को मतदान और 2 फरवरी को मतगणना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *