हरियाणा (मानवीय सोच) कैथल में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और एक महिला पुलिस अधिकारी के बीच एक वैवाहिक विवाद को लेकर शुक्रवार को तीखी नोंकझोंक हो गई। इस दौरान आयोग की अध्यक्ष ने सबके सामने पुलिसकर्मी को फटकार लगाते हुए बाहर जाने को कहा और विभागीय जांच की चेतावनी भी दे डाली।
यह कथित घटना, हरियाणा के कैथल में महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया और पुलिस अधिकारियों के बीच एक बैठक के दौरान हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में भाटिया को महिला पुलिसकर्मी से कहते सुना जा सकता है, ”तुम उसे (व्यक्ति को) थप्पड़ मार सकती थी। तुमने लड़की का तीन बार (मेडिकल) जांच करवाई। बाहर निकल जाओ। तुम्हारे विरुद्ध विभागीय जांच होगी।”
लड़की के 3 बार मेडिकल टेस्ट पर भड़कीं भाटिया
अधिकारी द्वारा विरोध जताने पर रेनू भाटिया ने कहा कि पुलिसकर्मी ने लड़की की तीन बार मेडिकल जांच करवाई, लेकिन व्यक्ति का टेस्ट नहीं करवाया।
अधिकारी ने इस पर जवाब देने का प्रयास किया तो रेनू भाटिया ने थाना प्रभारी को उसे बाहर ले जाने को कहा। महिला अधिकारी ने कहा, ”हम यहां अपमानित होने के लिए नहीं आए हैं।” इसके जवाब में भाटिया ने कहा, ”आप यहां लड़की की बेइज्जती के लिए आए हैं?”
विवाद बढ़ता गया और अधिकारी ने पूछा कि उसने लड़की को कैसे अपमानित किया, जिस पर भाटिया ने पूछा कि उन्होंने उसका तीन बार टेस्ट क्यों करवाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि भाटिया ने महिला अधिकारी से कहा, ”मुझसे बहस मत करो और बाहर जाओ।”
भाटिया ने व्यक्ति का मेडिकल टेस्ट करवाने को कहा था और आदेश का पालन नहीं होने पर वह नाराज थीं। बाद में भाटिया ने संवाददाताओं से कहा कि व्यक्ति का मेडिकल टेस्ट करवाया जाएगा।
भाटिया ने संवाददाताओं से कहा कि आपने देखा कि मैंने जब महिला पुलिस अधिकारी से पूछा कि उसने आरोपी व्यक्ति का मेडिकल टेस्ट क्यों नहीं करवाया तो उसने किस तरह से बात की।
