लखनऊ (मानवीय सोच) सुल्तानपुर रोड पर गोसाईंगंज के पास आवास विकास परिषद की जेल रोड टाउनशिप तीन से चार माह में आकार लेने लगेगी। 265 एकड़ की इस टाउनशिप को 24 जनवरी को यूपी दिवस पर ही लॉन्च किया जाना था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। हालांकि, अब इसमें आशियाना बनाने की चाह रखने वालों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। टाउनशिप का लेआउट स्वीकृत हो चुका है, जिसमें अधिगृहीत की गई जमीन में से आधी पर लगभग 2000 परिवार बस सकेंगे। इसके लिए अल्प, मध्यम एवं उच्च आय श्रेणी में भूखंड काटे जाएंगे।
उम्मीद ये भी है कि परिषद की लखनऊ स्थित दूसरी आवासीय योजनाओं के मुकाबले जेल रोड योजना में भूखंड सस्ते मिलेंगे। वर्तमान में इस योजना में किसानों से ली गई जमीन का विकास अनुबंध (किसान से जितनी जमीन ली उसकी 25 फीसदी विकसित करके दी जाएगी) किया जा रहा है। वहीं, जो किसान एवं प्रापर्टी डीलर लैंड पूलिंग योजना से असहमत हैं, नियोजन समिति उनकी सुनवाई कर रही है। इस सुनवाई में श्मशान घाट, गौशाला, मंदिर आदि की जमीन छोड़ दी गई है।
पूर्वांचल के लिए सुविधाजनक होगी टाउनशिप
जेल रोड टाउनशिप जहां बनाई जा रही है, उसके पास से किसान पथ निकल रहा है। इससे पूर्वांचल के अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, आजमगढ़, मऊ, वाराणसी आदि के निवासियों के लिए यह टाउनशिप बहुत ही सुविधाजनक होगी। यह अलग बात है कि यह शहर से करीब 27 किमी. दूर होगी।
कार्य स्थल पर बना कार्यालय
परिषद मोहरी कला एवं सिठौली खुर्द गांव के किसानों एवं सरकारी जमीन पर टाउनशिप विकसित करेगी। उसने कार्य स्थल पर कार्यालय भी बना दिया है। इसकी दीवार पर सहायक अभियंता महेश चंद्र एवं जय शंकर द्विवेदी का मोबाइल नंबर अंकित है। उनसे किसी भी जानकारी के लिए बातचीत की जा सकती है। परिषद को 265 एकड़ में से लगभग 19 एकड़ जमीन मिलने में अड़चन आ रही है, जो प्रॉपर्टी डीलर एवं रियल एस्टेट कंपनियां खरीद चुकी हैं। वह लैंड पूलिंग योजना से सहमत नहीं हैं।
इन सुविधाओं के भी होंगे भूखंड
– व्यावसायिक केंद्र भी बनेंगे
– सामुदायिक केंद्र, मैरिज लॉन
– प्राइमरी स्कूल एवं कॉलेज
जून से खुल सकती है बुकिंग
आवास विकास के एक उच्च अफसर ने कहा उम्मीद है कि जेल रोड टाउनशिप योजना में आमजन जून से सपनों का घर बनाने के लिए जून से भूखंड की बुकिंग कर सकेंगे।
पूरी की जा रहीं औपचारिकताएं
अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड लखनऊ -8 आवास विकास परिषद सुनील कुमार ने बताया कि जेल रोड टाउनशिप के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इनमें धारा-28 के तहत अधिगृहीत जमीन की मार्किंग, धारा 29 के तहत किसानों की आपत्तियों का निराकरण व धारा 32 के तहत अधिगृहीत जमीन का गजट कराने की प्रक्रिया चल रही है।
इधर, वृंदावन योजना में 99 भूखंड उपलब्ध
आवास विकास की वृंदावन योजना के सेक्टर 15 में 99 व्यावसायिक एवं रिहायशी भूखंड खरीदारों के लिए उपलब्ध हैं। इनमें सात रिहायशी एवं 92 व्यावसायिक हैं। व्यावसायिक में प्रीमियम प्लॉट, ग्रुप हाउसिंग, मल्टीप्लेक्स, नर्सिंगहोम, सामुदायिक सेंटर, हेल्थ सेंटर के लिए हैं। इन भूखंडों को ऑनलाइन नीलामी के जरिये ऊंची बोली लगाकर खरीद सकते हैं।
