(मानवीय सोच) फ्रांस के 2 दिन के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिन के लिए UAE पहुंचे हैं। यहां उन्हें सेरेमोनियल वेलकम दिया गया। UAE के राष्ट्रपति भवन ‘कसर अल वतन’ में उनका स्वागत राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने पीएम मोदी की कलाई पर फ्रेंडशिप बैंड भी बांधा।
दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। इसके बाद साझा बयान में पीएम मोदी ने कहा- दोनों देशों के संबंध पहले से काफी बेहतर हुए हैं। हर भारतीय अब UAE को सच्चे दोस्त की तरह देखता है। पीएम मोदी के दौरे पर भारत और UAE के बीच एक दूसरे की करेंसी में व्यापार करने पर समझौता भी हुआ है।
इससे पहले अबु धाबी के एयरपोर्ट पर उन्हें UAE के क्राउन प्रिंस शेख खालिद ने रिसीव किया। मोदी के स्वागत में बुर्ज खलीफा पर तिरंगे और उनकी तस्वीर के साथ वेलकम ऑनरेबल प्राइम मिनिस्टर नरेंद्र मोदी लिखा गया।
