वाराणसी (मानवीय सोच) केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार की सुबह जिलाधिकारी एस राजलिंगम के साथ सिगरा स्टेडियम का दौरा किया।
मंत्री ने स्टेडियम में निर्माणाधीन मल्टीलेवल मल्टीस्पोर्ट्स स्टेडियम के मॉडल का अवलोकन किया और काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। निर्माण कार्य से जुड़ी संस्था द्वारा बताया गया कि पहले फेज का कार्य 18 महीने में पूर्ण होना था जो जल्द ही पूरा होगा। खेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री की रूचि खेलों और फिटनेस के प्रति ज्यादा है।
उन्होंने स्थानीय लोगों को फिटनेस के लिए मिल रही सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। युवाओं को खेलों के प्रति मिलने वाली सुविधाओं में बढ़ोतरी का निर्देश भी दिया। खेल मंत्री को बताया गया कि स्टेडियम में बैडमिंटन, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, स्क्वाश, टेबल टेनिस, वालीबॉल, भारोत्तोलन आदि खेलों की सुविधाएं मिल रही हैं। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त प्रणय सिंह भी मौजूद रहे।
