उमेश पाल के घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, बोले- फरार आरोपियों को जल्द पकड़ेगी पुलिस

प्रयागराज : (मानवीय सोच) केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद एसपी सिंह बघेल ने सोमवार को धूमनगंज सुलेमसराय पहुंचकर विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह रहे उमेश पाल के परिजनों से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि हत्याकांड में फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

एसपी सिंह बघेल ने उमेश पाल की मां शांति देवी और पत्नी जया पाल से बातचीत कर परिवार का हालचाल जाना। उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि उमेश पाल की हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा। तमाम आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। जो आरोपी अभी तक पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे हैं उन्हें भी कानून के तहत सजा दिलाने का कार्य पुलिस करेगी। 

बड़े हनुमानजी का दर्शन किया
केंद्रीय मंत्री बघेल ने उमेश पाल के परिजनों को सांत्वना देने के बाद संगम तट पर स्थित बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां पर उन्होंने विधि विधान से बजरंग बली की पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा के नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *