नगर विकास मंत्री ने अफसरों को दिए निर्देश, जल निकासी का बेहतर प्रबंध करें

लखनऊ : (मानवीय सोच) नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने निकाय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात के मौसम में प्रदेश के नगरीय निकायों की जल निकासी, साफ-सफाई, कूड़ा उठान, सुंदरीकरण, सड़क मरम्मत तथा जन सुविधाओं के सुचारु संचालन के कार्यों में कहीं पर भी ढिलाई न बरती जाए।

निकाय अधिकारी प्रतिदिन क्षेत्रों में जाकर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें और नागरिकों के सामने उत्पन्न समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं। कहीं से भी जन सुविधाओं को लेकर शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने तथा उनके सुझाव पर अमल करने की बात भी कही।

नगर विकास मंत्री ने रविवार को कालिदास मार्ग स्थित आवास से वर्चुअल बैठक कर सभी निकाय अधिकारियों को यह जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात में जलभराव, सड़कों के टूटने, मलेरिया, डेंगू और संचारी रोगों के फैलने की समस्याएं बढ़ जाती हैं, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे निपटने के लिए पहले से ही पूर्ण तैयारी एवं सतर्कता आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *