बरेली : (मानवीय सोच) वित्तीय वर्ष 2023-24 में ही बरेली के लोगों को वंदे भारत की सौगात मिलने की उम्मीद है। इज्जतनगर रेल मंडल ने वंदे भारत के संचालन के लिए काम शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि इज्जतनगर मंडल की पहली वंदे भारत उत्तराखंड के रामनगर या ऋषिकेश से अयोध्या या फिर मथुरा के बीच चलाई जाएगी। इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल 1000 किमी से ज्यादा रेल पटरियों के जरिये 85 स्टेशनों को जोड़ता है। उत्तर रेलवे ने हाल ही में देहरादून से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन का संचालन शुरू किया है। पिछले सप्ताह पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण के साथ सांसदों की बैठक में मांग उठी तो जीएम ने बरेली होते हुए दिल्ली, अयोध्या, मथुरा, आगरा के बीच वंदे भारत चलाने की हामी भरी थी।
