उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर दौरे पर पहुंचे। सीएम योगी ने शनिवार को शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (गोरखपुर चिड़ियाघर) में बब्बर शेर भरत और शेरनी गौरी को बाड़े में प्रवेश कराया। इन दोनों दुर्लभ वन्यजीवों को मई माह के अंतिम सप्ताह में इटावा लायन सफारी से लाया गया था। सीएम योगी के इन्हें बाड़े में छोड़े जाने के बाद अब चिड़ियाघर आने वाले दर्शक बब्बर शेर की इस जोड़ी का दीदार कर सकेंगे। इनकी दहाड़ का भी रोमांच ले सकेंगे।
इसके पहले 2 जून को भी मुख्यमंत्री योगी चिड़ियाघर का भ्रमण करने आए थे। उस समय उन्होंने बब्बर शेर पांच साल के भरत औरर शेरनी सात साल की गौरी को देखने के साथ उनके बारे में जानकारी हासिल की थी। सीएम योगी समय-समय पर जू का दौरा करते रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ इसी क्रम में शनिवार को वह बब्बर शेर की जोड़ी भरत और गौरी को बाड़े में छोड़ने आए थे। मुख्यमंत्री के साथ वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना भी उपस्थित थे। सीएम योगी ने क्रॉल का गेट खोलकर जैसे ही कहा, चलो जाओ। बब्बर शेर दौड़ते हुए बाड़े में चला गया। सीएम ने यहां चिड़ियाघर के निदेशक एवं डीएफओ विकास यादव से दोनों शेरों के बारे में जानकारी ली। शेर के बाड़े के समीप हरिशंकरी पौधे को रोप कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। सीएम ने यहां तैल चित्रों का भी अवलोकन किया।
