केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में करीब 1,003 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया और लोगों से पर्यावरण की रक्षा करने के लिए देशव्यापी पौधारोपण अभियान में भाग लेने की अपील की। पर्यावरण और ओजोन परत को बचाने में पेड़ों के महत्व पर जोर देते हुए शाह ने कहा कि अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने आने वाली पीढ़ी के लिए 100 दिन में 30 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया है और वह इस अभियान से निकटता से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक सुंदर अभियान है और यह बड़ी बात है कि एक नगर निगम 30 लाख पौधे लगाएगा। लेकिन मैं अहमदाबाद के निवासियों से पूछना चाहता हूं कि आपका क्या योगदान होगा?’’ शाह ने कहा कि अहमदाबाद के लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे अपनी आवासीय सोसायटी, आसपास की भूमि और अपने बच्चों के विद्यालयों में अपने परिवार के सदस्यों की संख्या के बराबर पौधे लगाएं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण में कार्बन डाइऑक्साइड से ज्यादा ऑक्सीजन बढ़ाने के लिए कदम उठाने को अपने जीवन का लक्ष्य बनाना चाहिए। हम वाहनों, एयर कंडीशनर और बिजली का इस्तेमाल कर कार्बन डाइऑक्साइड पैदा करते हैं।’’
