अगरतला : (मानवीय सोच) त्रिपुरा पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया. अधिकारियों ने कहा कि ये सभी बांग्लादेशी हैं जो अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर रहे थे. चार दिन पहले ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मानव तस्करी और घुसपैठ के खिलाफ देशव्यापी छापेमारी के तहत कम से कम 25 लोगों को असम और त्रिपुरा में गिरफ्तार किया था. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि चार महिलाओं और चार बच्चों सहित 14 बांग्लादेशी नागरिकों को दक्षिणी त्रिपुरा के सीमावर्ती सबरूम में एक घर से गिरफ्तार किया गया.
“बांग्लादेश नागरिकों ने शनिवार को अवैध रूप से दक्षिणी त्रिपुरा में प्रवेश किया और सबरूम उपखंड के बैष्णबपुर गांव में एक भारतीय नागरिक के घर पर रुके. बांग्लादेशियों ने पुलिस को बताया कि वे नौकरी की तलाश में बेंगलुरु जाने की कोशिश कर रहे हैं. हम उनके दावों की जांच कर रहे हैं.” उस घर के मालिक सहित दो भारतीयों को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वे शनिवार की रात रुके थे.
